नई दिल्ली। आज दिल्ली में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी टेस्ट खेला गया। भारत ने इस मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज की है। वेस्टइंडीज ने भारत को 121 रन का टारगेट दिया था। जिसे भारतीय टीम ने 3 विकेट गवाकर आसानी से हासिल कर लिया। रनचेज में केएल राहुल ने 58 रन की नाबाद पारी खेली। भारतीय टीम के लिए दिल्ली टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और कुलदीप यादव ने अहम योगदान दिया है।
यशस्वी जायसवाल ने पहली पारी में 175 रन की दमदार पारी खेली। जिसके सहारे भारतीय टीम ने पहली पारी में 518 रन का बड़ा स्कोर बनाया। वहीं, कुलदीप ने गेंद से बड़ा योगदान दिया है। कुलदीप ने दिल्ली टेस्ट में कुल 8 विकेट झटके हैं। जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। रवींद्र जडेजा को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया है।

