इंदौर। इंदौर के एआरटीओ कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब दक्षिण भारत से आए एक संदिग्ध मेल में परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल एक आउटलुक आईडी से भेजा गया था, जिसे देखने के बाद कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तेजाजी नगर थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बम डिस्पोज़ल स्क्वॉड के साथ पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु और बम नहीं मिला।
आरटीओ परिसर पहुंची बीडीडीएस की टीम को तलाशी अभियान के दौरान परिसर में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ की, साथ ही मेल की सत्यता और उद्देश्य को समझने के लिए मेल भी खंगाले।प्राथमिक जांच में सामने आया कि इसी प्रकार के धमकी भरे मीम्स और संदेश अन्य स्थानों पर भी भेजे गए हैं। पुलिस को आशंका है कि यह शरारती तत्वों का समूह हो सकता है, जो हाल ही में एक सीबीआई केस वापस लेने की चर्चा से जुड़े घटनाक्रम को आधार बना रहा है। साइबर टीम मेल आईडी और इसके स्रोत की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जो भी तकनीकी लीड मिलेगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

