MP खरगोन में ओलावृष्टि से कश्मीर सा नजारा,तेज आंधी, बारिश और ओलों ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया
मकड़ाई समाचार खरगोन | जिला सहित अंचल बेमौसम बारिश से तरबतर हो रहा है। यहां काकोडा में ओले गिरने के बाद जमीन कश्मीर की तरह सफेद चादर सी लिपटी नजर आई। यहां हुई ओलावृष्टि के वीडियो वायरल हो रहे हैं। मार्च में लगातार बेमौसम बारिश रबी फसलों पर कहर बरपा रही है। रविवार को भी मुख्यालय सहित अंचल में तेज हवा, आंधी, बारिश और ओलों ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खरगाने जिले के झिरन्या, भगवानपुरा, भीकनगांव, खरगोन ब्लाक के कई गांवों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। जिससे फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं।
गेहूं और चने की फसल आड़ी होकर खेतों में चादर की तरह बिछ गईं। साथ ही कटी हुई फसलों के बारिश में भीग जाने से भी किसानों की चिंताएं बढ़ गई है। किसानों ने बताया कि खरीफ सीजन में लगातार बारिश से हुए नुकसान की रबी सीजन की फसलों से भरपाई की आस थी। जिलेभर में गेहूं-चना की पकी हुई खड़ी फसल गिर गईं। इसके अलावा कुछ जगहों पर खेत में कटी हुई फसलें भी बारिश की वजह से खराब हो गईं। इससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। फसलों को हुए नुकसान के लिए किसान मुआवजे की मांग भी कर रहे है।

