बालाघाट। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़े शब्दों में कहा है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा। सुरक्षाबलों ने नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान तेज कर दिया है। इससे परेशान होकर नक्सली छत्तीसगढ़ की सीमा से जुड़े राज्यों में भाग रहे हैं। इसके साथ ही उनकी कायराना हरकतें सामने आ रही हैं। मध्य प्रदेश के बालाघाट में नक्सलियों ने बुधवार को एक युवक का अपहरण मुखबिरी के शक में कर लिया। पुलिस और स्पेशल हॉकफोर्स की संयुक्त फोर्स ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
चौरिया जंगल से किया किडनैप
नक्सलियों ने देवेंद्र यादव नामक युवक को लांजी पुलिस थाना क्षेत्र के चौरिया जंगल क्षेत्र से अपहरण कर लिया। नक्सलियों ने देवेंद्र को मुखबिरी के शक में किडनैप कर लिया है। पर्चे फेंककर नक्सलियों ने इस पूरे मामले की जानकारी दी है। इसकी जिम्मेदारी भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी माओवादी ने ली है। अपहरित युवक की तलाशी की जा रही है।

