भोपाल। मध्य प्रदेश में नवंबर का आगाज़ बारिश और ठंड दोनों लेकर हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश होती रहेगी। रविवार को इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के करीब दस जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है।
प्रदेश में हल्की बारिश का अर्लट
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने दो निम्न दाब क्षेत्र फिलहाल सक्रिय हैं, लेकिन उनका सीधा असर प्रदेश में सीमित रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल सिर्फ हल्की फुहारें जारी रहेंगी, भारी बारिश की संभावना नहीं है। अगले 24 घंटों में झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में बूंदाबांदी की चेतावनी दी गई है। भोपाल में भी शाम या रात को हल्की बारिश हो सकती है।

