हंडिया : मन्नत पूरी होने पर महिला ने की 12 किलोमीटर दंडवत यात्रा, मां नर्मदा घाट पर हुई भव्य आरती और कथा,,,
हंडिया।आस्था और श्रद्धा का अनुपम दृश्य उस समय देखने को मिला जब हंडिया तहसील के ग्राम देवास की निवासी श्रीमती गायत्री पति तुलसीराम मातवा ने अपनी मानता पूरी होने पर पूरे ग्राम से मां नर्मदा के सड़क घाट तक लगभग 12 किलोमीटर लंबी दंडवत यात्रा पूरी की। उन्होंने नतमस्तक होकर एक-एक कदम आगे बढ़ते हुए मां नर्मदा का जयकारा लगाया और आस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस संबंध में रवि मातवा ने बताया कि श्रीमती गायत्री मातवा ने मां नर्मदा से की गई मनोकामना पूरी होने पर यह संकल्प लिया था कि वह दंडवत यात्रा कर माता के दर्शन करेंगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर उनका स्वागत किया।
यात्रा पूर्ण होने पर मां नर्मदा जी की भव्य आरती और कथा का आयोजन किया गया। आरती के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस धार्मिक यात्रा में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां नर्मदा से क्षेत्र की समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।

