मकड़ाई समाचार विदिशा। ठंडे मौसम में प्रणय लीला करते हुए गुरूवार की शाम को हाईवे बायपास के किनारे स्थित गेहूंखेड़ी गांव के समीप एक नाग-नागिन के जोड़े को एक युवक ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। करीब सवा मिनट तक यह जोड़ा पूरी तरह से लिपटकर क्रीड़ा करता रहा। वहां से गुजर रहे एक युवक ने इस प्रणय लीला को अपने कैमरे में कैद कर लिया। युवक ने यह वीडियो नवदुनिया को उपलब्ध कराया।
करीब छह से सात फीट लंबे इस नाग-नागिन के जोड़े को एक साथ कई लोगों ने देखा और वीडियो भी बनाए, लेकिन जब लोग उसके नजदीक तक पहुंचने लगे तो वह झाड़ियों में छिप गया। सर्प विशेषज्ञ फिरोज खान ने बताया कि स्थानीय भाषा में इसे धामन या घोड़ा पछाड़ सांप कहा जाता है।
इसकी लंबाई 11 से 12 फीट तक लंबी होती है। जून से अगस्त तक यह इस तरह लिपटकर क्रीड़ा़ा करते हुए देखे जा सकते हैं। ज्यादातर यह पेड़ों पर रहता है और चूहों के अलावा पक्षियों के अंडे खाता है। मादा धामन 30 से 35 तक अंडे देती है। यह प्राकृतिक बिलों में अपने अंडे रखती है।
उन्होंने बताया कि दो से तीन माह में अंडों से बच्चे निकल आते हैं। हरीपुरा निवासी दातारसिंह खंगार ने बताया कि वह रोज सुबह और शाम को वायपास और आसपास के क्षेत्र में घूमने जाते हैं। दो दिन पहले उन्हें मिर्जापुर वायपास पर एक जोड़ा राेमांस करते मिला था। इसके बाद गुरूवार की शाम को गेहूंखेड़ी के पास स्थित रेलवे कारखाना के पास दूसरा जोड़ा मिला जिसे उन्होंने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया।

