अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही की उड़ा रहे खुलेआम धज्जियां, कार्यवाही के तहत तोड़े गए परिसर पुनः खड़े हुये, अब अस्थाई तंबू लगाकर चल रही दुकानें
मकड़ाई समाचार महू। महू में दिनांक 27 अक्टूबर को पूरे ताम झाम के साथ मिलिट्री पुलिस एवं महू थाना पुलिस की उपस्थिति में रक्षा संपदा विभाग द्वारा हरिफाटक चौराहा के पास स्थित एक बंगला परिसर में चल रहे रेस्टॉरेंट में जेसीबी की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया था। परिसर में बना टिन शेड, प्रतिष्ठान का बोर्ड एवं पक्का निर्माण पूरी तरह तोड़ा गया था। परंतु आज उसी रेस्टॉरेंट के संचालकों द्वारा तंबू डालकर पुनः व्यवसाय शुरू कर दिया गया। और अब तंबू भी ऐसा बांधा गया है कि वो पहले से ज़्यादा जगह घेर रहा है। ये पहली बार नहीं है कि रक्षा संपदा विभाग एवं छावनी परिषद की अतिक्रमणविरोधी मुहिमों को खुले आम चुनोती न दी गयी हो। पहले भी इसी रेस्टॉरेंट एवं इससे 100 मीटर आगे बंगला न. 124 में एक बेकरी पर ऐसी कार्यवाही हो चुकी है। पर कुछ दिन बाद फिर वही ढाक के तीन पात लोग फिर से अतिक्रमण कर लेते हैं। और स्टे के नाम पर खुलेआम अवैध निर्माण करते रहते हैं। ये रक्षा संपदा विभाग एवं छावनी परिषद के लचर व्यवहार का ही नतीजा है कि एक बार तोड़ने के बाद दोबारा कोई सेना की भूमि पर अतिक्रमण कर सकता है। संबंधितों को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की ज़रूरत है, अन्यथा ये अस्थायी खड़े होते निर्माण जल्द ही स्थायी हो जाएंगे, फिर चलता रहेगा स्टे का खेल एवं सेना के विभाग अपनी ज़मीन के लिए संघर्ष करते दिखेंगे।
महू से संदीप मौर्या की रिपोर्ट

