jhankar
ब्रेकिंग
हरदा, टिमरनी और सिराली मंडियों में कृषि उपज की बंपर आवक, तीनों मंडियों में 47 हजार क्विंटल से अधिक उ... हरदा जिले में पहली बार PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई, आदतन नशा कारोबारी गिरफ्तार कृषि आदान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण टेमागांव में कृषक चौपाल आयोजित : रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों पर दिया मार्गदर्श... हरदा के प्रहलाद पटेल जेवल्या की बैल जोड़ियों ने देवास में मचाया धमाल, जीते प्रथम और तृतीय पुरस्कार उद्यानिकी फसलों की खेती अपनाकर बढ़ाएं किसानों की आय – कलेक्टर कुमार सत्यम कलेक्टर कुमार सत्यम ने टेमागांव में उचित मूल्य की दुकान एवं आयुष चिकित्सालय का किया निरीक्षण न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत 15 नवंबर को मैराथन दौड़ का आयोजन न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत 20 नवंबर को बाईक रैली का आयोजन एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं के डमी प्रवेश पत्र जारी, 31 दिसंबर तक होगा संशोधन

उद्यानिकी फसलों की खेती अपनाकर बढ़ाएं किसानों की आय – कलेक्टर कुमार सत्यम

टेमागांव के किसान मनोज किरार चिया सीड की खेती से प्रति एकड़ कमा रहे एक लाख रुपये तक का लाभ

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर आयोजित, हितग्राहियों को मिले योजनाओं के हितलाभ, 220 आवेदन प्राप्त

हरदा : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को टेमागांव क्लस्टर के ग्राम टेमागांव में क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान आयोजित उद्यम संवाद में किसानों और स्वसहायता समूह की सदस्यों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं।

जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। जन विश्वास शिविर के माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और उनका निराकरण कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

उद्यानिकी फसलों की खेती से बढ़ाएं आमदनी, चिया सीड की खेती बनी लाभ का जरिया

कलेक्टर  कुमार सत्यम ने किसानों को परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसान कृषि के क्षेत्र में नवाचार करते हुए उद्यानिकी फसलों की खेती की ओर भी आगे आएं। इससे उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर मिल सकते हैं।

इस दौरान उद्यम संवाद कार्यक्रम में ग्राम टेमागांव के किसान मनोज किरार ने चिया सीड की खेती का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वे चिया सीड की खेती से प्रति एकड़ लगभग एक लाख रुपये तक का लाभ अर्जित कर रहे हैं। चिया सीड का बाजार भाव लगभग 20 हजार रुपये प्रति क्विंटल है तथा इसकी खेती में सामान्य फसलों के बराबर ही लागत आती है। खातेगांव सहित अन्य स्थानों पर भी चिया सीड की खरीदी की जा रही है।

कलेक्टर सत्यम ने किसान किरार के अनुभव की सराहना करते हुए अन्य किसानों से भी चिया सीड की खेती के प्रति रुचि लेने और इसका रकबा बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई फसलों और उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान अपनी आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं।

स्वसहायता समूहों को 11.50 लाख रुपये के बैंक लिंकेज स्वीकृति पत्र

शिविर में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तीन स्वसहायता समूहों को बैंक लिंकेज के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इनमें नारीशक्ति आजीविका स्वसहायता समूह कपासी को 1.50 लाख रुपये, आदर्श आजीविका स्वसहायता समूह जिनवानी को 5 लाख रुपये तथा दुर्गा आजीविका स्वसहायता समूह जिनवानी को 5 लाख रुपये की राशि शामिल है।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा संचालित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत राजीव कीर को किराना दुकान के लिए 2.25 लाख रुपये, प्रवीण गुर्जर को रिटेल ट्रेड के लिए 3 लाख रुपये तथा राहुल मालवीय को किराना दुकान के लिए 1.99 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

- Install Android App -

उद्यानिकी विभाग की सब्जी क्षेत्र विस्तार योजना के तहत रामकिशन छिलोत्रे को प्याज की खेती के लिए 20 हजार रुपये तथा श्री झुमुकलाल को 10 हजार रुपये की अनुदान राशि के स्वीकृति पत्र दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिकाओं सान्वी अखिलेश, पूर्वी दीपक और सान्वी सत्यम को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सामाजिक न्याय विभाग की कल्याणी पेंशन योजना के तहत सोमती एवं रमा बाई को तथा दिव्यांग पेंशन योजना के तहत महेश को स्वीकृति प्रमाण-पत्र दिए गए। श्रम विभाग द्वारा ग्राम टेमागांव की रामवती एवं फूलवतीबाई को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

साइबर सुरक्षा और राहगीर योजना के प्रति किया जागरूक

शिविर में एसडीओपी टिमरनी दीपा डोडवे ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा एवं राहगीर योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैंक खाता नंबर, ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और व्हाट्सएप कोड किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने राहगीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को प्रोत्साहन राशि दी जाती है तथा मदद करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने सभी से दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

पशुपालन को व्यवसाय बनाने पर जोर, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश

शिविर में उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉ. अजय राम टेके ने बताया कि उन्नत नस्ल के पशुओं के पालन से दूध उत्पादन में वृद्धि होती है। किसानों से अपेक्षा है कि वे उन्नत नस्ल के पशुओं का पालन करें एवं दुग्ध उत्पादन को अपना व्यवसाय बनाएं।

इस दौरान कलेक्टर कुमार सत्यम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों की ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को स्वसहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए।

विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए, 220 आवेदन प्राप्त

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। आधार कार्ड पंजीयन, स्वास्थ्य जांच तथा फार्मर आईडी बनाने के लिए राजस्व शिविर भी आयोजित किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान आमजन से उनकी समस्याओं एवं मांगों के संबंध में कुल 220 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत सीईओ नरोत्तम भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा, सरपंच रत्ना पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।