मकड़ाई समाचार सरदारपुर। सब जेल में बीती रात विचाराधीन कैदी की मौत हो गई। यह कैदी हत्या के आरोप में पिछले करीब तीन साल से सब जेल में बंद होना बताया जा रहा है। रात में विचाराधीन कैदी को तबीयत खराब होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डाॅक्टरों द्वारा परीक्षण उपरांत मृत घोषित किया गया। कैदी की मौत के बाद परिवार एवं विधायक ने न्यायिक जांच की मांग की है। न्यायाधीश व नायब तहसीलदार अस्पताल पहुंचे, जिनकी उपस्थिति में कैदी के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
सब जेल सरदारपुर के सहायक जेल अधीक्षक प्रदीप डामोर ने बताया कि हत्या के आरोप में विचाराधीन कैदी 50 वर्षीय हीरालाल पुत्र किशनलाल चौहान निवासी राजगढ़ की रात में तबीयत खराब हो गई थी। इस पर उसे अस्पताल भेजा गया था। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित किया। मृतक का न्यायाधीश की उपस्थिति में पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जांच के लिए भेजा विसरा
डाॅ. एमएल जैन ने बताया कि बीती रात कैदी को अस्पताल लाया गया था। जांच करने पर वह मृत पाया गया। डाॅ. नितिन जोशी के साथ न्यायाधीश की उपस्थिति में पीएम कर विसरा जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
जेलर की लापरवाही, न्यायिक जांच की मांग
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने बताया कि मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए। न्यायाधीश की उपस्थिति में जांच हो रही है। जेलर की उपस्थिति में पूर्व में भी एक कैदी की मौत हुई है। दोबारा कैदी की मौत होना कहीं ना कहीं जेलर की लापरवाही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाए। मप्र की शिवराज सरकार से गरीब परिवार की आर्थिक सहायता के लिए पांच लाख रुपये की मांग करता हूं।

