हरदा, : कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर आगामी दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरूवार को खिरकिया में सघन जांच अभियान चलाया। टीम ने खिरकिया के निलेश किराना स्टोर, सत्कार उपहार गृह, वंदना उपहार गृह, श्री नूतन वेंचर, राजस्थान स्वीट्स, श्री राजस्थान मिष्ठान भंडार,
विज्ञांश चाट भंडार एवं श्री सांवरिया रेस्टोरेंट सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई, दूध, दही, मावा, गुड़, शक्कर, समोसा, कचोरी, जलेबी आदि खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच की तथा उपस्थित कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मिलावट की पहचान संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजेन्द्र कांबले ने बताया कि निरीक्षण के दौरान निलेश किराना से घी एवं सोयाबीन तेल, सत्कार उपहार गृह से मावा पेड़ा, गुपचुप, लड्डू, समोसा तथा वंदना रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स से मावा बर्फी, बेसन लड्डू, बूंदी लड्डू आदि के नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कांबले ने बताया कि पूर्व में श्री मारुति डेयरी हंडिया से लिया गया दूध का नमूना अवमानक पाए जाने पर प्रकरण सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
त्यौहारी सीजन में कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र कांबले, चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के केमिस्ट हेमंत कीर तथा सहायक ब्रजेश पटेल उपस्थित रहे।

