मकड़ाई समाचार खरगोन। नगर पालिका चुनाव के परिणाम गुरुवार को घोषित हुए। इसमें प्रमुख भाजपा और कांग्रेस के अलावा पहली बार एआइएमआइएम की ओर से चुनाव लड़कर तीन पार्षद जीते हैं। बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल को रामनवमी पर हुए उपद्रव के बाद मतों का ध्रुवीकरण हुआ। यही वजह कांग्रेस को नुकसान हुआ। एआइएमआइएम से वार्ड 15 से शकील खान और वार्ड 27 से शबनम अदीब जीती हैं। इनके अलावा वार्ड दो से जीती अरुणा श्यामलाल उपाध्याय इन दिनों सुर्खियों में हैं। अरुणा अनुसूचित जाति वर्ग से आती हैं और वे पहली बार पार्षद का चुनाव जीतीं हैं। यह वार्ड अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित था। इस वार्ड में अरुणा के सामने पांच उम्मीदवार मैदान में थे। अरुणा 643 वोट लाकर पार्षद बनी है।
36 वर्षीय अरुणा 12वीं कक्षा तक पढ़ीं है। उन्होंने कहा कि यह भाईचारे और मानवता की जीत है। मैंने धार्मिक आधार पर चुनाव नहीं लड़ा बल्कि इंसानियत के लिए लड़ा और मैं इंसानियत के लिए काम करूंगी। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है। पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के विचारों से प्रभावित होकर एआइएमआइएम के टिकट पर चुनाव लड़ा, क्योंकि वे देश के संविधान और समानता के बारे में बात करते हैं। वे बाबा साहेब अंबेडकर और संविधान के बारे में बात करते हैं और मैं भी दलित समुदाय से हूं। अब समाज सेवा और वार्ड का विकास मेरी प्राथमिकता होगी। अरुणा ने कहा कि वे इसके पहले ओवैसी से नहीं मिली थी। वे जल्द ही पार्टी प्रमुख ओवैसी से मुलाकात करेंगी।