मकड़ाई समाचार हरदा। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने टिमरनी विकास खंड के ग्राम छीरपुरा में आयोजित ‘ग्राम चौपाल’ में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। इस दौरान एसडीएम टिमरनी महेश बडोले व अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
ग्रामीणों ने गांव की पेयजल समस्या के बारे में कलेक्टर श्री गर्ग को बताया, जिस पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गांव में पर्याप्त हैंडपंप लगे हुए हैं तथा गांव की नल जल योजना की स्वीकृत हो चुकी है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छीरपुरा में जल जीवन मिशन के तहत नलजल की 68.98 लाख रुपये की योजना स्वीकृत हो गई है। पास के ही ग्राम खात्माखेड़ा में नलजल की 21.91 लाख की योजना स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होने वाला है। जल जीवन मिशन योजना के तहत घर-घर नल से पानी पहुंचाया जाएगा। कलेक्टर श्री गर्ग ने पूर्व में आयोजित चौपाल में प्राप्त शिकायतो के निराकरण की भी समीक्षा की। पूर्व चौपाल में प्राप्त आवेदन के आधार पर संजय रामाधार का जाति प्रमाण पत्र बन चुका है।

