18 जुलाई को जिला स्तरीय तथा 23 व 24 को राज्य स्तरीय आयोजन होगा
मकड़ाई समाचार हरदा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चंद्रशेखर आजाद की 116वीं जयंती के अवसर पर उनके योगदान को स्मरण करते हुए युवाओं के बीच 18 जुलाई को जिला स्तरीय यूथ पंचायत तथा 23 व 24 जुलाई को भोपाल में दो दिवसीय राज्य स्तरीय ‘‘युवा महापंचायत’’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की संकल्पना में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके अलावा प्रदेश के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक व बौद्धिक योगदान का लोकव्यापीकरण एवं प्रदेश की इन विरासतों को राष्ट्र एवं वैश्विक स्तर पर आगे ले जाने के लिये युवाओं को प्रेरित करना है। दो दिवसीय महापंचायत के अंतर्गत चयनित विषयों पर विचार मंथन के लिये 6 सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी प्रतिभागी मेंटर के सानिध्य में सहभागिता करेंगे।
18 जुलाई को जिला स्तर पर होगा यूथ पंचायत का आयोजन
प्रदेश के युवाओं के पंजीयन के बाद सभी जिलों में यूथ पंचायतों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक जिले से 6 से 8 उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें भोपाल में आयोजित यूथ महापंचायत के लिये आमंत्रित किया जाएगा। इन प्रतिभागियों के साथ शिक्षा, उद्यमिता, कला, संस्कृति, खेल, जनजाति कल्याण व अन्य क्षेत्रों में कार्य कर रहे उत्कृष्ट युवाओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन दक्षता, आचरण, विषय का ज्ञान, विपक्ष के मतों के प्रति धैर्यता, विचारों की स्पष्टता तथा काउन्टर पॉइंट रखने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में चयन के लिये प्रक्रिया
सभी जिलों में आयोजित की जाने वाली यूथ पंचायत के लिये ऑनलाइन पंजीयन के माध्यम से जिले स्तर पर सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को प्राथमिक स्क्रीनिंग के लिये चयनित कॉलेज में आमंत्रित किया जाएगा। स्क्रीनिंग के द्वारा चयनित प्रतिभागियों को यूथ पंचायत के लिये जिले के निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित किया जाएगा। यूथ पंचायत के आयोजन दिवस पर आमंत्रित प्रतिभागी अपनी पात्रता का सत्यापन कराने के पश्चात विशिष्ट विषयों पर सामूहिक चर्चा में भाग लेंगे। प्रतिभागियों का मूल्यांकन सामूहिक चर्चा में उनके प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। मूल्यांकन से सामूहिक चर्चा के प्रत्येक समूह से एक या दो प्रतिभागियों को फाइनल राउंड के लिये चुना जाएगा तथा फाइनल राउंड की सामूहिक चर्चा से शीर्ष 6 से 8 उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन कर भोपाल में आयोजित होने वाली यूथ महापंचायत के लिये आमंत्रित किया जाएगा।
21 व 22 जुलाई को होगा बाइक रैली का आयोजन
चन्द्रशेखर आजाद के बलिदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए, अलीराजपुर जिले के भाभरा से भोपाल तक बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 23 जुलाई को चन्द्रशेखर आजाद की 116 वीं जयंती पर आयोजित कलश स्थापना समारोह में यूथ महापंचायत के सभी प्रतिभागी शामिल होंगे।

