ग्वालियर। गलवन घाटी में भारतीय जवानों के शहीद हो जाने के बाद देशभर में खासा आक्रोश है। सोशल मीडिया के साथ ही जमीनी स्तर पर भी ग्राहक व व्यापारियों ने चीनी सामान का बहिष्कार करने की मुहिम को तेज कर दिया है। वहीं ग्वालियर-चंबल के युवाओं के बीच सेना में भर्ती निकलने की अफवाह फैल गई है। ऐसे में एमपी ऑनलाइन कियोस्क संचालकों के यहां रोजाना दर्जनों ऐसे युवक पहुंच रहे हैं जो सेना में भर्ती के लिए आवेदन करना चाहते हैं। वहीं अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों से भी युवाओं ने जानकारी लेने के लिए फोन लगा-लगाकर कियोस्क संचालक को परेशान कर दिया है।
गोल पहाड़िया में स्नेहा ऑनलाइन के नाम से कियोस्क संचालित करने वाले पुनीत झा का कहना है कि सेना में फिलहाल कोई भर्ती नहीं निकली है, लेकिन रोजाना लोग दस्तावेज लेकर दुकान पर आ जाते हैं। जिन्हें भर्ती न निकलने की बात बड़ी मुश्किल से हजम होती है। वहीं बानमोर में कृष्णा एमपी ऑनलाइन के संचालक दीपक राठौर ने बताया कि दुकान पर तो युवक भर्ती जानकारी लेने आ ही रहे हैं।
उससे अधिक आसपास के गांवों के युवक फोन लगाकर बार-बार भर्ती निकलने का दावा करके झगड़ा शुरू कर देते हैं। युवकों का कहना होता है कि चीन से युद्ध (रट्टौ) होने वाला है। जिसके लिए भर्ती निकलने की जानकारी प्राप्त हुई है। हम जंग के लिए पूरी तरह तैयार हैं। काफी समझाने व यह वादा करने के बाद फोन कट करते हैं, कि जब भर्ती निकलेगी तो खुद फोन कर जानकारी दे दी जाएगी।

