Earthquake in Japan: जापान में भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई है। अब तक 2 लोगों के मारे जाने और 100 से अधिक के घायर होने की खबर है। सुनामी अलर्ट भी जारी किया गया है। बुधवार रात आए इस भूकंप के बाद एक छोटी सुनामी तट पर पहुंच गई, हालांकि इसका जोखिम कम रहा। 30 सेंटीमीटर (11 इंच) की सुनामी लहरें टोक्यो के उत्तर-पूर्व में लगभग 390 किलोमीटर (242 मील) ईशिनोमाकी में तट पर पहुंच गईं। यहां अभी भी अलर्ट है। बता दें, जहां भूकंप आया है, वो उत्तरी जापान का वहीं हिस्सा है जहां 11 साल पहले 9.0 तीव्रता का भीषण भूकंप आया था और सुनामी से सबकुछ तबाह हो गया था। तब यहां का परमाणु रिएक्टर भी तबाह हो गया था।
फायर एंड डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी ने कहा कि दो लोगों की मौत हो गई और 94 अन्य घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर है। क्योडो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सोमा शहर में 60 साल के एक व्यक्ति की अपने घर की दूसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। वहीं भूकंप के दौरान दिल का दौरा पड़ने से 70 वर्षीय एक अन्य शख्स की मौत हो गई।

