मकड़ाई समाचार हंडिया।अमावस्या के दिन से सूचना मिल रही थी तहसील क्षेत्र हंडिया के नर्मदा नदी के किनारे गांवों में कुछ लोग नर्मदा नदी में शव का जलदाग करके चले जाते हैं,इस संबंध में बुधवार दोपहर को तहसीलदार डॉ.अर्चना शर्मा व हंडिया थाना प्रभारी द्वारा नर्मदा किनारे के ग्राम भमौरी,हंडिया, मालपौन,गोला,सिगौन,उँचान इत्यादि का औचक निरीक्षण किया गया।
मौके पर ऐसा कुछ नजर नहीं आया। नर्मदा किनारे के सभी ग्रामों में ग्राम कोटवारों से मुनादी कराई कि इस प्रकार का कोई कृत्य न हो और ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि वो भी अपने ग्रामों में नर्मदा नदी घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर बेरिकेड्स लगा देवें।और ऐसी कोई घटना होती है,तो उसकी सूचना तुरन्त देवें। इस दौरान रास्ते में ग्राम गोला में एक लड़के की शादी की माता पूजन का कार्यक्रम चल रहा था और लोग बिना मास्क लगाए ही घूम रहे थे,इस पर तहसीलदार डॉ शर्मा.व थाना प्रभारी सीएस सरियाम ने रुककर स्थल निरीक्षण किया। जिसमें हंडिया राजस्व निरीक्षक संतोष पथोरिया ने बताया कि हरिदास गुर्जर के लड़के रामविलास गुर्जर की शादी अक्षय तृतीया को है,जिसकी मातापूजन का कार्यक्रम चल रहा था।मौके पर राजस्व व पुलिस दल को बहुत सारी महिलाएं बिना मास्क पहनने मिली।
तहसीलदार डॉ.शर्मा ने शादी की लिखित अनुमति की कॉपी मांगी तो बताया गया कि उन्होंने शादी की कोई लिखित अनुमति नहीं ली है।एवं नजरिया आंकलन में दूल्हे की उम्र 21वर्ष से कम लगने पर थाना प्रभारी सरियाम ने दूल्हे से जन्मतिथि की प्रामाणिक जानकारी हेतु दस्तावेज मांगे जिसमें उसके परिवार वालों ने अंकसूची व आधारकार्ड लाकर दिखाए तो उनमें दूल्हे की उम्र इक्कीस वर्ष से अधिक पाई गई। डॉ.शर्मा ने महिलाओं के द्वारा मास्क न लगाने पर उनकों फटकार लगाते हुए तुरंत मास्क पहनने को कहा। साथ ही कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु शासन की गाइडलाइंस से अधिक लोगों की भीड़ एकत्रित न करने की हिदायत देकर चेतावनी दी गई कि गाइडलाइंस का पालन न होने पर सख्त कार्यवाही की जावेगी।

