मकड़ाई समाचार रतलाम। जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर ग्राम ठिकरिया (शिवगढ़) में अंधविश्वास के चलते बहन व उसके बच्चों द्वारा तंत्र क्रिया व मारपीट कर 24 डा. वर्षीय राजाराम खराड़ी व उनके तीन वर्षीय पुत्र आदर्श की हत्या करने तथा पत्नी व मां के साथ मारपीट करने के मामले में नई बातें सामने आ रही हैंं। डाक्टर, उसके पुत्र व पत्नी को एक नहीं दो रात व एक दिन (करीब 36 घंटे) अलग-अलग कमरों में बंद रखा गया तथा तंत्र क्रिया के नाम पर उनसे मारपीट की जाती रही। इससे डा. राजाराम व उसके पुत्र आदर्श की मौत हो गई। वहीं डाक्टर की पत्नी सीमा कटारा व मां थावरीबाई गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। सीमा के मुंह में सिक्के भी डाले गए थे। दो रुपये का एक सिक्का उसके गल में फंस गया था। दो घंटे के ऑपरेशन के बाद गले से दो रुपये का सिक्का निकाला गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इमरजेंसी वार्ड में आईसीयू में शिफ्ट किया है। थावरीबाई की हालत में सुधार बताया गया है।
उन्हें इमजेंसी वार्ड से रविवार सुबह सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया। सीमा के पिता देवीसिंह कटारा ने नईदुनिया को बताया कि सीमा की ननद सागर की शादी होने से उन्होंने 18 फरवरी को सीमा को बाजार से मामेरा के लिए कपड़े व अन्य सामान दिलाया था। शाम को बेटा संजय सीमा को ससुराल छोड़कर आया था। सीमा ने उन्हें बताया कि संजय के जाने के बाद रात करीब आठ बजे दो-तीन महिलाओं ने उसे पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया। पति व बेटे को अलग कमरे में बंद किया गया था। इसके बाद उनके साथ मारपीट की जाती रही व कमरों में कुछ महिलाएं व युवक जय-जय के नारे लगाते रहे। राजाराम को बचाने मां थावरीबाई गई तो उनके साथ भी मारपीट की गई। रात में उन्होंने फोन लगाया, बेटी ने फोन रिसीव नहीं किया। 20 फरवरी की सुबह वे तथा बेटा सीमा के घर पहुंचे तो बन्द कमरों से जय-जय बोलो की आवाजें आ रही थी। पुलिस ने आकर कमरे से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
बहन ने बेटी व बेटे के साथ रचा था हत्या का षड्यंत्र
पूरे मामले की मास्टर माइंड राजाराम की बड़ी बहन तुलसीबाई पत्नी राधेश्याम निवासी ग्राम धराड़ बताई जाती है। उसने बेटी, बेटा व अन्य लोगों के साथ मिलकर षडयंत्र रचा था। यह भी चर्चा है कि वह सीमा व राजाराम से जलन रखती थी। सीमा जिला अस्पताल में नर्स है और राजाराम ने पिछले साल ही बैचलर आफ होम्योपैथी एंड सर्जरी (बीएचएमएस) की डिग्री ली थी। पुलिस के अनुसार राजाराम व उसके पुत्र आदर्श की हत्या, सीमा व थावरीबाई पर जानलेवा हमला करने के मामले में राजाराम की बड़ी बहन आरोपित तुलसी, उसकी पुत्री व पुत्र के अलावा तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धारा 302, 307, 450, 120 बी, 34 में प्रकरण दर्ज किया है। माया और तुलसी से पूछताछ कर की जा रही है। शेष आरोपितों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैंं।