मकड़ाई समाचार कांकेर। कांकेर के एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मॉर्निंग वॉक पर निकले चार लोगों को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर चक्का जाम कर दिया है। उधर, इस हादसे के बाद जाम में फंसी बस को रिवर्स करने में लगे बस कन्ट्रक्टर की बस के नीचे आने से हुई मौत हो गई। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में रोष है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन लोगों के रोष के आगे उनकी एक न चली।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सेना में जाने का सपना लेकर रोज सुबह उठ कर मेहनत करने वाले चार नौजवान को तेज रफ्तार ट्रक कुचल कर फरार हो गया। मौके पर ही चारों युवकों ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देवरी निवासी युवक सेना में भर्ती होने के लिए रोजना सुबह दौड़-भाग करते थे। भानुप्रतापपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने चार लोगों की जिंदगी छिन ली।
बारदेवरी के रहने वाले प्रलय देहारी, रोशन राणा पुष्पराज नाग, हितेश नाग चारों युवकों की उम्र लगभग 16 से 18 साल की थी। खबर लिखे जाने तक आक्रोशित ग्रामीणों ने कांकेर -भानुप्रतापपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया था। चारो युवकों का शव सड़क में ही पड़े थे। ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक आरोपी ट्रक चालक नहीं पकड़ा जाएगा, तब तक शव सड़क से नहीं हटाए जाएंगे।

