मकड़ाई समाचार उमरिया। उमरिया जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम निगहरी के करीब शहपुरा मार्ग पर बारातियों से भरी एक पिकअप पलटने से आधे दर्जन लोगों के घायल होने की खबर है। घटना की जानकारी पर मौके पर 108 एम्बुलेंस पहुंच गई और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया।बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप बारातियों को लेकर वापस दूल्हे के ग्राम जा रही थी,तभी हादसे का शिकार हुई है।
वापसी में हादसा
बारात शहपुरा स्थित पिपरिया से ग्राम बरौदा आई थी। विवाह आयोजन पूरा होने के बाद सुबह बाराती पिकअप वाहन से वापस शहपुरा स्थित जा रहे थे। तभी निगहरी के करीब क्रिश्चियन स्कूल के पास अज्ञात कारणों से पिकप पलट गई। इस घटना में घायल तो कई लोग हुए हैं लेकिन किसी को भी इतनी ज्यादा चोट नहीं लगी है जिसे गंभीर कहा जाए। डॉक्टरों का कहना है कि घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है और एक दो दिन बाद उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।
यह हुए घायल
इस हादसे में काशीराम पिता गन्धा लाल उम्र 45,राजेश पिता बल्ला झरिया उम्र 50,संतोष पिता देवलाल झरिया उम्र 30,शिव कुमार पिता झल्लू साहू उम्र 17 वर्ष घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को 108 की मदद से जिला अस्पताल लाया गया है,जहाँ फिलहाल सभी इलाजरत है। घटना के बाद घायलों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। बताया गया है कि कुछ घायलों के परिजन तो अस्पताल पहुंच भी गए हैं और अपने लोगों की तीमारदारी में जुड़ गए हैं। जिला प्रशासन ने भी अपनी तरफ से घायलों की मदद के लिए काफी व्यवस्थाएं कर दी हैं।
अन्य लोग भी हुए घायल
पिकअप पलटने की इस घटना में कुछ लोग साधारण तौर पर घायल हुए थे जिन्हें जिला अस्पताल नहीं पहुंचाया गया है। पिकअप वाहन में कुछ और लोग भी घायल थे,परन्तु घटना के बाद शहपुरा की ओर जा रहे वाहनों की मदद से इलाज के लिए शहपुरा चले गए है। घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
लगातार हो रहे हादसे
उमरिया जिले में सड़क दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन अपने स्तर पर चिंतन तो खूब कर रहा है लेकिन इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है। प्रतिदिन यहां कम से कम एक हादसा जरूर होता है जिसमें लोग घायल हो जाते हैं। उमरिया जिले में हर वर्ष 100 से ज्यादा लोग सड़क दुर्घटनाओं में मौत का शिकार हो रहे हैं।

