सुमित खत्री
मकड़ाई समाचार हंडिया। धार्मिक नगरी हंडिया के बिजली उपभोक्ता बीते कुछ दिनों से बिजली की अघोषित कटौती से खासे परेशान हैं।
वर्तमान समय में भीषण गर्मी और उमस से झुलस रहे लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन दिनों पड़ रही झुलसाने वाली उमस और गर्मी जहां लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है, वहीं बिजली की कटौती से लोग बहुत ज्यादा त्रस्त हैं। तो वहीं पेयजल व्यवस्था भी चरमरा गई है।
ग्रामीण सौरभ अग्निहोत्री, श्रषभ मिश्रा, महेश तंवर, जितेंद्र खत्री का कहना है कि अघोषित विद्युत कटौती के कारण बिजली न आने से भीषण गर्मी में लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत कटौती का कोई समय निर्धारित नहीं है, बिजली कब आती है और कब चली जाए इसका कोई भरोसा नहीं है। लोगों ने कई बार मांग की है कि विद्युत कटौती का समय निर्धारित किया जाए, लेकिन आज तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है। विद्युत कटौती के चलते जनमानस कराह उठा है।
भाजपा नेता प्रफुल्ल अग्निहोत्री कहते हैं कि बिजली की अव्यवस्था से सबसे ज्यादा बुजुर्ग और बच्चे परेशान हैं, उनकी रात की नींद हराम है। बिजली की कटौती को लेकर जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों की अनदेखी चिंता का बिषय है क्योंकि बिजली की किल्लत के साथ-साथ पीने के पानी की भी समस्या उत्पन्न हो जाती है और लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। विद्युत उपभोक्ताओं ने मांग की है कि शीघ्र ही बिजली कटौती का समय निर्धारित किया जाए जिससे लोगों को इस परेशानी से छुटकारा मिल सके।

