युवती के मंगेतर को दी जान से मारने की धमकी, मोपेड में भी की थी तोड़फोड़
_एक तरफा प्रेम में सनकी युवक से युवती ने शादी से इंकार किया तो युवक ने उसके घर पर पेट्रोल पंप फेंका और युवती के मंगेतर को जान से मारने की धमकी दी वही युवती के घर खड़ी मोपेड पर भी तोड़फोड़ की पढि़ए पूरी खबर विस्तार से…._
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 भोपाल ।राजधानी में एक तरफा प्रेम में सनक का मामला सामने आया है। टीटी नगर इलाके में एक युवक ने प्रेमिका द्वारा शादी से इनकार करने और दूसरी जगह रिश्ता तय होने पर उसके घर पर पेट्रोल से भरी बोतल फेंक कर आग लगाने की कोशिश की।
क्या है पूरा मामला…?
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अरबाज उर्फ भैयू के रूप में हुई है। वह युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। इसके बाद भी वह लगातार युवती को परेशान कर रहा था।
कुछ दिन पहले जब युवती की शादी दूसरी जगह तय हो गई, तो आरोपी बौखला गया। उसने पहले युवती के मंगेतर को फोन पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी मोपेड में तोड़फोड़ की। इस पर युवती ने डायल-112 और टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
14 सितंबर को फेंका पेट्रोल बम
पुलिस ने बताया कि 14 सितंबर की रात आरोपी ने युवती के घर पर पेट्रोल से भरी बोतल फेंक दी। घटना से घर में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि परिजनों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस पूरी घटना का एक वीडियो गुरुवार, 17 सितंबर को सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद टीटी नगर पुलिस हरकत में आई और युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का बयान
टीटी नगर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच भी की जा रही है।

