भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या 5870 के ऊपर पहुंच गई है। यहां इससे 229 लोगों की मौत हो चुकी है और 2734 मरीज स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। विदिशा जिले के मूंडरा गांव में तालाब में नहाने गए दो किशारों की डूबने से मौत हो गई। सेंधवा के करीब खेतिया में 50 वर्षीय व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। इंदौर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2774 पहुंच गई है। भोपाल में 1190, उज्जैन में 481, ग्वालियर चंबल अंचल में 203 और जबलपुर में अब तक 190 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से जुड़ी अपडेट व अन्य खबरों के लिए पढ़िए यहां…
नीमच में टिड्डी दल पर पाया नियंत्रण

नीमच जिले के घसूंडी जागीर और अर्निया जागीरग्राम में पहुंचे टिड्डियों के दल पर नियंत्रण पा लिया गया है।
शाजापुर जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव केस
शाजापुर जिले में फिर एक बार फिर करोना पॉजिटिव मरीज सामने आया है। युवक ट्रक में सवार होकर मुंबई से शाजापुर आया था एहतियात के तौर पर उसके सैंपल लेकर युवक को क्वारंटाइन किया गया था। गुरुवार सुबह उसके कोरोना पॉजिटिव आने की जानकारी सामने आई जिसके बाद स्वास्थ विभाग की टीम ग्राम चोमा थाना मोहनबडोडिया पहुंच गई है। स्वस्थ सर्वे किया जा रहा है युवक के संपर्क में आए 12 लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। शाजापुर जिला अंतर्गत ग्राम चौमा में कोरोना पॉजीटीव मरीज की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। सीएमएचओ डॉ प्रकाश फुलम्बरीनकर ने बताया कि मरीज पांच दिन पहले मुंबई से चौमा आया था। दो दिन पहले उसकी जांच कर सैम्पल लिया गया था। जिसकी जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। चौमा को सील कर दिया गया है।
गोवा से बालाघाट लौटे मध्य प्रदेश के 23 जिलों के 176 मजदूर

बालाघाट के गोंदिया रेलवे स्टेशन पर मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के मजदूर को लेकर स्पेशल ट्रेन का स्टॉपेज हुआ जिसमें 176 मजदूर जो मध्य प्रदेश के 23 जिलों के हैं उन्हें उतारकर बसों में बैठाया गया। राजेगांव चेकपोस्ट पर मेडिकल टीम के द्वारा उनकी स्क्रीनिंग की गई और उन्हें भोजन कराया गया और फिर निर्धारित रूट की बसों में भेजा गया। इस दौरान अधिकारी भी यहां मौजूद रहे।
बालाघाट जिले में पाथरवाड़ा गांव को किया सील
बालाघाट कटंगी तहसील के ग्राम पाथरवाड़ा को एसडीएम रोहित बम्होरे द्वारा सील कर दिया गया है और लोगों से अपने घर पर ही रहने कहा गया है। खैरलांजी तहसील के ग्राम भजियादंड के कोरोना पाजेटिव पाए गए व्यक्ति के पिताजी 18 मई को एक बारात के साथ शादी में ग्राम पाथरवाड़ा गए थे और वहां पर 27 लोगों के संपर्क में आए थे। इस कारण से एहतियात के तौर पर पाथरवाड़ा को सील करने की कार्रवाई की गई है।
शहडोल में साइकिल पर पाइंट चेक करने निकले एसपी

शहडोल में पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र शुक्ला अपनी रेंजर साइकिल से सुबह पाइंट चेक करने के लिए निकले। उन्होंने शहर के जय स्तंभ चौक गांधी चौक इंदिरा चौक सहित कई प्वाइंटों को चेक किया। सुबह-सुबह एसपी को अचानक चौराहों पर देखकर पुलिस के कर्मचारी भी मुस्तैदी के साथ डटे नजर आए। पुलिस कर्मचारियों में अपने एसपी के नए अवतार को देखकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों से बात भी की और उनका हौसला बढ़ाया।
विदिशा जिले में तालाब में नहाने गए 2 किशोर डूबे
विदिशा जिले के ग्राम मूडरा में तालाब में नहाने गए दो किशोर 10 वर्षीय मोहित और 11 वर्षीय हल्ली अहिरवार की तालाब में डूबने से मौत हो गई है। गांव के पूर्व सरपंच नरेंद्र सिंह दांगी ने बताया यह दोनों बच्चे रोज तालाब में नहाने जाते थे। बुधवार की शाम को यह दोनों नहाने निकले थे। देर रात पुलिस ने दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाल लिए हैं।
सेंधवा के करीब धारदार हथियार से हत्या
.jpg)
बड़वानी जिले के सेंधवा के करीब खेतिया थाना में बाला पिता धर्मा(50) की हत्या हो गई। बाला हाल निवासी ग्राम भेहडिया मूल निवासी उबादगड थाना पाटी जिला बड़वानी का निवासी है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर में 2774 कोरोना पॉजिटिव, अब तक 107 की मौत
इंदौर में बुधवार को एक बार फिर कोरोना संक्रमण फैलने की दर बढ़ गई। 644 सैंपल जांचे गए, जिनमें से 59 नए पॉजिटिव मरीज मिले। यानी 24 घंटे में ही संक्रमण दर में एक फीसद बढ़कर 9.1 पर पहुंच गई। इसके साथ कुल मरीजों की संख्या 2774 तक पहुंच गई है। दो मौत की पुष्टि भी हुई। मौत का आंकड़ा 107 तक पहुंच गया। बुधवार को 39 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है, इसी के साथ स्वस्थ होकर घर लौटने वाले मरीजों की संख्या 1213 हो गई है।

