मकड़ाई समाचार भोपाल। निशातपुरा थाना इलाके में एक युवती ने फांसी लगा ली। छह माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पहले महिला का पति से विवाद होने की बात पता चली है। निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक तबस्सुम पत्नी रेहान (22) मोतीलाल नगर, न्यू जेल रोड की निवासी थी। शुक्रवार रात को तबस्सुम ने घर में फांसी लगा ली। उसकी छह माह पहले ही आटो चालक रेहान से शादी हुई थी। तबस्सुम के मायके वालों ने पति रेहान पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही रेहान बाइक लाने की मांग कर रहा था। उधर सुसराल वालों ने पुलिस को बताया है कि राशन का सामान लाने की बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर बजरिया थानांतर्गत द्वारिका नगर में साईं मंदिर के पास रहने वाले भरत पुत्र राजकुमार कुशवाहा ने शुक्रवार को फांसी लगा ली। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि भरत लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उधर निशातपुरा थाना इलाके के शंकर नगर में रहने वाली 22 वर्षीय हीराबाई पत्नी नंदराम अहिरवार ने शनिवार रात घर में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने से खुदकुशी की वजह फिलहाल पता नहीं चल सकी है। युवती का पति मजदूरी करता है। इस मामले में अभी युवती के मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।