कलेक्टर श्री गर्ग ने हसनपुरा की चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी
मकड़ाई समाचार हरदा। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने गुरुवार को अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान खिरकिया विकासखंड के ग्राम हसनपुरा में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने हसनपुरा पंचायत के सचिव हरिहर शर्मा की दो वेतन वृद्धि रोकने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया तथा अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
हसनपुरा की चौपाल में एक निःशक्त ग्रामीण सुंदरलाल ने कलेक्टर श्री गर्ग से अनुरोध किया कि उसे बैसाखी चाहिए ताकि वह आसानी से चल फिर सके। कलेक्टर श्री गर्ग ने उपसंचालक सामाजिक न्याय को निर्देश दिए कि निःशक्त ग्रामीण सुंदरलाल को चौपाल में ही वैशाखी दिलाने की व्यवस्था की जाए और हाथों हाथ सुंदरलाल के लिए बैसाखी की व्यवस्था की गई। सुंदरलाल बैसाखी के सहारे खुशी-खुशी अपने घर वापस गया।
इसके अलावा इमलीढाना निवासी विकलांग फूलचंद ने ट्राई साइकिल की मांग कलेक्टर श्री गर्ग से की, जिस पर उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक को कल तक ट्राईसाईकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हसनपुरा निवासी सुनीता बाई ने चौपाल में कलेक्टर श्री गर्ग को बताया कि उसके पति का 6 माह पूर्व बीमारी से निधन हो गया है। उसके परिवार के पालन पोषण के लिए आय का कोई साधन नहीं है। अतः कल्याणी पेंशन की व्यवस्था की जाए। कलेक्टर श्री गर्ग ने तुरंत सुनीता बाई की कल्याणी पेंशन ऑनलाइन स्वीकृत करने के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। चौपाल में सुनीता बाई की कल्याणी पेंशन स्वीकृत की गई और साथ ही संबल योजना का कार्ड भी तैयार कराया गया।

