मकड़ाई समाचार हरदा। जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा में शुक्रवार को पति ने अपनी पत्नी से हुए विवाद में दराती से हमला कर दिया। पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने महिला के परिजनों से घटना की जानकारी ली है। परिजनों और घटना में घायल महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा में अपने पीहर में करीब 8 साल से रह रही दुलीबाई पति परमू भील (50) एक खेत में मजदूरी का काम कर रही थी। वहीं उसका पति झाबुआ जिले का रहने वाला परमू भील भी रक्षाबंधन से खेड़ा में ही रह रहा था। शुक्रवार को जब उसके बच्चे गांव में होने वाले गणेश विसर्जन के भंडारे में शामिल होने गए थे। इस दौरान खेत पर बने टप्पर पर पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान गुस्से में पति ने अपनी पत्नी के सिर पर दराती से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई।
घटना के बाद आस पास मजूदरी कर रहे लोगो ने जानकारी महिला के परिजनों को दी। जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। जहां महिला वार्ड में उसे भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने महिला के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही हैं।