मकड़ाई समाचार हरदा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्र में एक-एक लाख रुपए लेकर अब तक निर्माण शुरू नहीं कराने वाले लोगों पर सख्ती शुरू हो गई है।
सिटी कोतवाली में शासन से राशि लेकर आवास नहीं बनाने वाले 37 हितग्राहियों पर अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया है। इसमें 5 साल से लेकर 2 साल पहले तक एक-एक लाख रुपए लेकर निर्माण नहीं कराने वाले लोग शामिल हैं। ज्ञात हो की इसके पहले भी नगर पालिका सीएमओ की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में 5 लोगों पर केस दर्ज हो चुका है।
एक दो दिनों में 27 लोगों पर सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज हो सकती है।
सीएमओ जीके यादव ने एक दिन पहले ही पीएम आवास का निर्माण नहीं कराने वालों के खिलाफ एफआईआर करने के लिए सिटी कोतवाली व सिविल लाइन थाना में पत्र लिखा था। इसमें सिटी कोतवाली के 37 व सिविल लाइन थाना क्षेत्र के 27 लोग शामिल हैं। 64 लोगों ने एक-एक लाख रुपए ले लिए, लेकिन दो साल बाद भी आवास का निर्माण शुरू नहीं कराया। उन्हें आवास निर्माण कराने के लिए दर्जनों बार नोटिस दिए। नपा अमले ने लोगों के घर पहुंचकर निर्माण कराने की समझाइश दी, लेकिन सब बेअसर रहा। इसके बाद एफआईआर करानी पड़ी। सिटी कोतवाली टीआई अनिल राठौर ने बताया कि सीएमओ यादव की शिकायत पर भादंवि की धारा 406 में केस दर्ज कर लिया है।

