गर्ल्स हॉस्टल MMS कांड : सफाईकर्मी के मोबाइल में मिले लड़कियों के नहाते हुए 10 Videos, छात्राओं में भारी आक्रोश
आरोपी ने सारे अश्लील वीडियो व फोटो डिलीट कर दिए थे
कानपुर। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के बाद अब कानपुर में भी बवाल मचा हुआ है। काकादेव के साईं निवास गर्ल्स हॉस्टल के एमएमएस कांड में पकड़े गए आरोपी सफाई कर्मी ऋषि के मोबाइल से पुलिस ने 10 वीडियो बरामद किए हैं, जो हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के बताए जा रहे हैं। पुलिस इसकी तस्दीक में लगी है। शुक्रवार को भी छात्राओं का हॉस्टल से पलायन जारी रहा।
एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला ने हॉस्टल में पहुंचकर जांच पड़ताल की। गुरुवार को घटना का पता चलते ही छात्राओं ने आरोप लगाया था कि मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने ऋषि का मोबाइल वापस कर दिया था, जिसके बाद उसने सारे अश्लील वीडियो व फोटो डिलीट कर दिए थे। हालांकि एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला का कहना है कि छात्राओं का आरोप गलत है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने ऋषि को मोबाइल उसका लॉक खोलने के लिए दिया था। इस दौरान उसने कई वीडियो फोन से डिलीट भी कर दिए थे, लेकिन वह गूगल ड्राइव में सेव हो गए थे, जो पुलिस ने देर रात ही रिकवर कर लिए थे। बाकी डिलीट हुए वीडियो के लिए मोबाइल को लखनऊ स्थित फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा।
आरोपी जिस छात्रा का वीडियो बना रहा था वह अमरोहा की रहने वाली है, उसने भी हॉस्टल छोड़ दिया है। एसीपी ने साईं हॉस्टल पहुंचकर मामले की जांच की। हर कमरे और बाथरूम को देखा जहां कुछ के दरवाजे नीचे से टूटे मिले। दरवाजों के नीचे इतनी जगह थी कि हाथ डाला जा सकता था।

