हरदा। देश में स्टेशन, शहरों आदि के नए नामकरण करने की सत्ताधारी पार्टी की परंपरा को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने क्षेत्र के विधायक एवं कृषि मंत्री कमल पटेल के नाम के आगे नया पदनाम घोषणा एवं शिलान्यास मंत्री जोड़ दिया है। कांग्रेस ने ये पदनाम उनके विकास के कोरे वायदे और घोषणा के तहत शिलान्यास की उपलब्धियों को ध्यान में रखकर किया है। बीते कल मंत्री कमल पटेल द्वारा नर्मदा तट पर स्थित प्राचीन स्थल हंडिया के नए नाम नाभिपट्टन नामकरण की घोषणा के बाद कांग्रेस की यह प्रतिक्रिया सामने आई। कांग्रेस ने एक प्रेस नोट जारी कर मंत्री पटेल के जिले में किये गए वायदे और शिलान्यास का उल्लेख किया।
क्या कहा कांग्रेस ने –
मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री एवं हरदा विधायक कमल पटेल द्वारा माँ नर्मदा के नाभिस्थल हंडिया का नाम नाभिपट्टनम किये जाने की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला कांग्रेस प्रवक्ता आदित्य गार्गव एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता इकबाल अहमद ने बताया कि कांग्रेस द्वारा कृषि मंत्री कमल पटेल का नाम बदलकर घोषणा एवं शिलान्यास मंत्री कमल पटेल कर दिया गया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, वर्ष 1993 से मध्यप्रदेश विधान सभा में हरदा का प्रतिनिधित्व करने वाले तथा दो बार मध्यप्रदेश शासन में केबिनेट मंत्री रहे कमल पटेल ने जिले में विकास का कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया है । केवल घोषणा एवं शिलान्यास करके वे जिले की जनता को भ्रमित करते रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने मंत्री को याद दिलाया कि उनके द्वारा कोरोना काल में बड़ा आयोजन कर जिले में स्वामित्व योजना लागू करने की घोषणा की थी किन्तु आज तक जिले में स्वामित्व प्रमाण पत्र का वितरण नहीं हो पाया है। मंत्री पटेल हरदा शहर मुख्यालय में बालिकाओं का एक और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भी नहीं खुलवा पाए हैं। खिरकिया शहर में न तो शासकीय कॉलेज न ही आई.टी.आई. खुलवा पाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा है कि शासकीय महाविद्यालय हरदा में बंद पड़े विधि संकाय की कक्षाएं भी मंत्री नहीं चालू करवा पाए हैं।
नगर पालिका चुनाव के पूर्व हरदा शहर में सैकडो की संख्या में विकास कार्यो का भूमि पूजन करने वाले मंत्री कमल पटेल ने शिलान्यास करने के बाद वे कार्य पूर्ण हो पा रहे है या नहीं, इस ओर देखने की भी सुध नहीं ली। हरदा शहर में सैकडो की संख्या में लगे शिलान्यास पत्थर मंत्री कमल पटेल के झूठे विकास के वादों की पोल खोलते रहते हैं। कांग्रसे नेताओं ने यह भी कहा कि गांगला हंडिया मार्ग वर्षों से नही बन पाया है मंत्री द्वारा नीमगॉव में स्टेडियम बनाने की घोषणा भी अभी तक अधूरी है। कांग्रेस नेताओं को स्वयं को माँ नर्मदा का अनन्य भक्त बताने वाले कमल पटेल से यह भी प्रश्न किया है कि पूर्व में उनके द्वारा जिला में माँ नर्मदा में हो रहे अवैध उत्खनन को लेकर जोर शोर से बातें करना एवं नेशनल ग्रीन ट्रिवूनल में केस दायर करना जैसे अनेकों पाखण्ड किये हैं। मंत्री जिले में माँ नर्मदा में हो रहे अवैध उत्खनन को लेकर अब चुप क्यों है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता आदित्य गार्गव एवं पूर्व पार्षद इकवाल अहमद ने मध्यप्रदेय के घोषणा एवं शिलान्यास मंत्री कमल पटेल को मध्यप्रदेश के घोषणा वीर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हरदा मे अवैध कॉलोनी को वैध किये जाने वाले वादे को याद दिलाते हुए मंत्री को यह नसीहत दी है कि, वे झूठी घोषणाएं एवं वादे करने के दौरान अपने द्वारा कि गई पुरानी घोषणाओं को क्रिन्यानवित करें। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि क्षेत्र की जनता घोषणा एवं शिलान्यास मंत्री की असलियत जान चुकी है। आगामी विधान सभा चुनाव में जनता उनको उनका वास्तविक चेहरा दिखा देगी।

