नर्मदापुरम में पारा 43.8°C तक पहुंचा
तपती हवाओं ने बढ़ाई गर्मी
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 भोपाल। मध्य प्रदेश में अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में लू जैसी स्थिति बन गई है। भोपाल, जबलपुर और उज्जैन समेत प्रमुख शहरों में दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।
11 जिलों में हीट वेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दिन के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
कई शहरों में 43 डिग्री के पार तापमान
गुरुवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.8°C रिकॉर्ड किया गया। खजुराहो में 43.4°C और नौगांव में 43°C तापमान रहा। सीधी में 42.6°C, दतिया, दमोह, सागर और टीकमगढ़ में 42.2°C, जबकि रायसेन और रतलाम में 42°C दर्ज हुआ। प्रमुख शहरों में जबलपुर 41.6°C, भोपाल 41°C, ग्वालियर 40.8°C, इंदौर 40.6°C और उज्जैन 40°C रहा। रात का तापमान भी 25 से 27°C के बीच बना हुआ है, जिससे गर्म रातों का अहसास हो रहा है।
27 अप्रैल से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल के आसपास ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है।
गर्मी से बचाव के लिए जारी की गई सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दिनभर पर्याप्त पानी पीने और दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की अपील की है। हल्के और सूती कपड़े पहनने के साथ बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
मौसम का बदला रुख
इस साल जनवरी सूखा रहा, लेकिन फरवरी और मार्च में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा था। अब अप्रैल के अंत में गर्मी अपने चरम पर है और मई में इसके और बढ़ने के आसार हैं।

