केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा, राजस्व विभाग एवं पुलिस के संयुक्त दल ने शहर के प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाया।
अभियान की अगुवाई राजस्व अनुविभागीय अधिकारी विजय राय ने की। उनके साथ थाना प्रभारी, सुधाकर बारस्कर मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उइके सहित समस्त अधिकारी-कर्मचारी तथा अतिक्रमण विरोधी गठित दल मौजूद रहा।
संयुक्त दल ने जय स्तंभ चौक, गांधी चौक, जेल रोड सहित शहर के मुख्य बाजार एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पहुंचकर सड़क किनारे रखे सामान, ठेले, टपरे और अस्थायी निर्माण हटवाए। कार्रवाई के दौरान नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई और अतिक्रमण में रखा सामान जब्त किया गया।
एसडीएम विजय राय ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है और आम नागरिकों को परेशानी होती है। शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उइके ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा में ही रखें और फुटपाथ खाली रखें। पुलिस बल ने भी कार्रवाई के दौरान व्यवस्था बनाए रखी।

