भोपाल अंचल से आए सतर्कता अधिकारी ने समझाए म्यूल अकाउंट के खतरे, कहा – OTP शेयर न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें
सिवनी मालवा। केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर चल रहे सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, शाखा सिवनी मालवा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैंक द्वारा विद्यालय में और शाखा परिसर में छात्रों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में अंचल कार्यालय भोपाल से आए सतर्कता अधिकारी प्रमोद कुमार ने केंद्रीय सतर्कता आयोग की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को साइबर क्राइम और म्यूल अकाउंट के बढ़ते खतरे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठग किस तरह नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
सतर्कता अधिकारी ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP शेयर न करें, किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक कर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। म्यूल अकाउंट बनने से कैसे बचें, इस पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक पुष्पेंद्र नागर ने छात्रों को वित्तीय अनुशासन का महत्व समझाया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों ने बैंक के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम देश और समाज के हित में महत्वपूर्ण योगदान हैं।

