हरदा/हंडिया। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हंडिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डोडा चूरा/छिलका और भुक्की सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ, दो मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल ₹40,220 का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोलीपुरा के तलाई टप्पर क्षेत्र में एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक के झोले में अवैध मादक पदार्थ रखकर फुटकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों और तौल-कांटे के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम को कोलीपुरा-भवरतलाब रोड पर नीम के पेड़ के पास मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति सफेद प्लास्टिक का झोला लिए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
जब्त सामग्री
1.800 किलोग्राम डोडा चूरा/छिलका — अनुमानित कीमत ₹18,000
984 ग्राम भुक्की — अनुमानित कीमत ₹10,000
वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन — ₹10,000
लावा कीपैड मोबाइल फोन — ₹1,000
नकदी — ₹1,220
पुलिस के मुताबिक जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹40,220 है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष उर्फ राकेश भिलाला (40), पिता भारत सिंह भिलाला, निवासी तलाई टप्पर, ग्राम कोलीपुरा, थाना हंडिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना हंडिया में अपराध क्रमांक 424/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जेल दाखिल किया गया।

