हरदा : कलेक्टर कुमार सत्यम ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार एवं अनुपमा चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव, एसडीएम खिरकिया रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा शैलेन्द्र बड़ोनिया, एसडीएम टिमरनी असवनराम चिरामन, डिप्टी कलेक्टर श्वेता बम्होरे एवं अशोक डहेरिया सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम छिदगांवमेल निवासी सुनिता बाई ने आवेदन देकर लाड़ली बहना योजना की किश्त की राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
ग्राम एड़ाबेड़ा निवासी लोकेश पिता रमेश ने नक्शा दुरूस्त कराने व सीमांकन कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार हंडिया को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम बिछोला माल निवासी राजेश ने पत्नि की दुर्घटना में मृत्यु उपरान्त राहत राशि दिलाने की मांग की, जिस पर तहसीलदार हंडिया को समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में ग्राम भुन्नास निवासी सादिक खान ने बैंक द्वारा स्वसहायता समूह ऋण में वित्तीय अनियमितता के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिला प्रबन्धक अग्रणी बैंक को मामले की जांच करने के निर्देश दिये।
ग्राम भाटपरेटिया निवासी रामकृष्ण राजपूत ने बैंक द्वारा पोर्टल पर एन्ट्री नहीं किये जाने के कारण फसल बीमा का लाभ प्राप्त नहीं होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिला प्रबन्धक अग्रणी बैंक को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये।
हरदा के खेड़ीपुरा निवासी शबाना ने जनसुनवाई में आवेदन देकर विवाह उपरान्त पुनः दिव्यांग पेंशन प्रारम्भ कराने की मांग की, जिस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को आवेदिका की पात्रता अनुसार योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में हरदा निवासी गंगाबाई ने वृद्धावस्था पेंशन चालू कराने व ग्राम कुकरावद निवासी श्रीराम काजवे ने गत 6 वर्षों से वृद्धावस्था पेंशन की राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।

