सिंचाई के लिये समुचित बिजली मिले
टेल क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त सिंचाई का पानी मिले
सिंचाई एवं बिजली संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए – कलेक्टर
जिले के किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से नियमित की जा रही चर्चा
हरदा : जिले में आयोजित की जा रही किसान संगठनों की नियमित बैठकों के क्रम में मंगलवार को कलेक्टर कुमार सत्यम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसान संगठन के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में उर्वरक की उपलब्धता की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। साथ ही कहा कि किसानों को डीएपी के विकल्प अपनाने के लिये भी जागरूक किया जाए। इसके लिये कृषि विभाग रोस्टर बनाकर ग्रामवार जागरूकता शिविर आयोजित करे।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में उर्वरक की कमी नहीं आने दी जाएगी। साथ ही यह सभी सुनिश्चित किया जाएगा कि रैक लगने के 48 घंटे के अंदर पीओएस पर उर्वरक की उपलब्धता दिखे ताकि यथा समय आरओ जनरेट हो सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक शशांक, सीईओ जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव सहित कृषि, सहकारिता, जल संसाधन, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कतिपय स्थानों पर सिंचाई के लिये 10 घंटे विद्युत की आपूर्ति नहीं होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहाँ-जहाँ कम विद्युत आपूर्ति की शिकायत आई है, वहां समुचित विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की जाए। उन्होने कहा कि सभी के विभागों के समन्वय से बकायादार किसानों से बिजली बिल जमा कराया जाए ताकि बिजली की आपूर्ति में अड़चन न हो।
कलेक्टर ने कहा कि बिजली से संबंधित हर शिकायत का उनके द्वारा फालोअप किया जाएगा। नहरों से सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिये कि टेल क्षेत्र के किसानों को भी यथा संभव सिंचाई के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो। सिंचाई संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिये शिकायत निवारण प्रकोष्ठ प्रभावी रूप से काम करें। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसानों की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण समाधान हो।
बैठक में अमानक खाद एवं कीटनाशक दवाईयों के विक्रय पर भी कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश दिये गये। ऐसे विक्रेताओं पर नियमानुसार कार्यवाही करने के लिये भी अधिकारियों को पाबंद किया गया। बैठक में कलेक्टर ने किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से प्राप्त समस्याओं पर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान राष्ट्रीय किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनिल चौधरी, संभाग अध्यक्ष राजू कमेड़िया सहित संगठन प्रतिनिधि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर कुमार सत्यम एवं जिला पंचायत सीईओ भार्गव द्वारा प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से विभिन्न किसान संगठनों की बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं के निराकरण के प्रयास किये जा रहे हैं।

