सुसाइड नोट में लिखा- ‘थैंक्यू हसबैंड, मैं जा रही हूं, आप खुश रहो’, 14 वर्षीय बेटे के सिर से उठा मां का साया
भोपाल। करवाचौथ पर्व से एक दिन पहले भोपाल के अवधपुरी इलाके में एक दुखद घटना सामने आई। यहां 44 वर्षीय महिला आरती कुर्रे ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं, 14 वर्षीय बेटे के सिर से मां का साया उठ गया।
पार्लर जाने की बात पर पति से हुई थी कहासुनी
जानकारी के अनुसार, मृतका आरती कुर्रे मेघनम कैंपस, अवधपुरी में अपने पति अनिल के साथ रहती थीं। उनके पति उच्च शिक्षा विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी हैं। परिवार में सास-ससुर और 14 वर्षीय बेटा भी साथ रहता है।
बताया गया कि सोमवार को आरती ने करवाचौथ के श्रृंगार के लिए पार्लर जाने की बात कही थी। इस पर पति ने ड्यूटी पर जाने का हवाला देते हुए उन्हें अपने पिता के साथ पार्लर जाने की सलाह दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी।
कमरे में मिला शव, सुसाइड नोट भी बरामद
पुलिस के मुताबिक, दोपहर में भोजन करने के बाद सास-ससुर अपने कमरे में आराम करने चले गए, जबकि बेटा स्कूल चला गया था। शाम करीब 4:30 बजे तक जब आरती चाय देने के लिए बाहर नहीं आईं, तो ससुर उन्हें देखने कमरे में पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर खिड़की से देखा गया, जहां आरती नीचे पड़ी मिलीं।
परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा था- ‘थैंक्यू हसबैंड, मैं जा रही हूं, आप खुश रहो।’
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अवधपुरी पुलिस कर रही मामले की जांच
अवधपुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

