धनवाड़ा में 3 करोड़ 60 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बने नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण, ग्रामीणों ने लड्डुओं से किया तुलादान
खिरकिया। तहसील के ग्राम धनवाड़ा में गुरुवार शाम पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने 3 करोड़ 60 लाख 80 हजार रुपये की लागत से निर्मित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधा की सौगात मिलने पर कमल पटेल का स्वागत करते हुए लड्डुओं से तुलादान किया।
कार्यक्रम में कमल पटेल ने कहा कि हमारा संकल्प है कि हर गांव के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। धनवाड़ा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य जांच की सुविधा अपने क्षेत्र में ही मिल सकेगी। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष राहत मिलेगी तथा सामान्य इलाज के लिए खिरकिया और हरदा नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि नए भवन में मरीजों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और दवाओं की उपलब्धता की सुविधा मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना जरूरी है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर उपचार मिल सके।
बताया गया कि इस स्वास्थ्य केंद्र भवन की स्वीकृति वर्ष 2023 में तत्कालीन कृषि मंत्री कमल पटेल के प्रयासों से लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग भोपाल से मिली थी। भवन का भूमिपूजन 19 अप्रैल 2023 को किया गया था। अब निर्माण पूरा होने के बाद इसका लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि एवं युवा भाजपा नेता दीपक पटेल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कमल पटेल का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश सोलंकी, खिरकिया मंडल अध्यक्ष संजय यादव, चारूवा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राजपूत, सरपंच भगवती बाई पटेल,
उपसरपंच वीणा बाई, शंकर सिंह खरबड़िया, ओमप्रकाश चौहान, रामनिवास पवार, हेमंत शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

