केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा।नगर के देवल मोहल्ला, शिवपुर रोड स्थित एक घर में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात तीन अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर में अकेले मौजूद 65 वर्षीय रामभरोस जाट पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और घर से सोने-चांदी के जेवरात व लगभग एक लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब रामभरोस जाट की पत्नी घर लौटीं। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो अनहोनी की आशंका पर उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। रामभरोस खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़े थे और पूरे घर में खून फैला हुआ था।
पत्नी की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 वाहन पर तैनात आरक्षक मौके पर पहुंचे और गंभीर घायल बुजुर्ग को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
थाना प्रभारी सुधाकर बारसकर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। पीड़ित की पत्नी के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों की संख्या तीन थी। थाना प्रभारी ने दावा किया कि पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद से देवल मोहल्ले में दहशत का माहौल है। पुलिस के द्वारा आसपास के कैमरे तलाश किये जा रहे हैं।

