उज्जैन: शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर के बाहर विवाद, अतिक्रमण की शिकायत करने पर महिला दुकानदार से मारपीट, CCTV में कैद हुई वारदात
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 उज्जैन। मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में प्रमुख मंदिरों के बाहर फूल-प्रसाद की दुकानों को लेकर होने वाले विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ माता हरसिद्धि मंदिर के सामने से आया है, जहाँ अवैध अतिक्रमण की शिकायत करना एक महिला दुकानदार को भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज दबंगों ने महिला के साथ सरेराह मारपीट की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला ?
हरसिद्धि मंदिर के सामने मंदिर समिति की दुकान नंबर 23 का संचालन राधा प्रजापति नामक महिला द्वारा किया जाता है। पीड़ित महिला के अनुसार, क्षेत्र के कुछ रसूखदार दबंगों ने उनकी दुकान के ठीक सामने अवैध रूप से अतिक्रमण कर अपनी दुकानें सजा ली थीं, जिससे उनके व्यवसाय में बाधा आ रही थी।
राधा प्रजापति ने इसकी आधिकारिक शिकायत नगर निगम में दर्ज कराई। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर निगम की टीम मौके पर पहुँची और अवैध अतिक्रमण को हटा दिया।
टीम के जाते ही शुरू हुआ तांडव
नगर निगम की कार्रवाई से बौखलाए अतिक्रमणकारियों ने टीम के जाते ही महिला दुकानदार पर हमला बोल दिया। घटना के सामने आए CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी महिला का गला दबा रहे हैं और उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं।
पीड़िता का बयान
“इन लोगों ने मेरे सिर और गाल पर मारा और गला दबाने की कोशिश की। ये लोग आए दिन झगड़ा करते हैं और बार-बार मना करने के बाद भी जबरन अतिक्रमण कर लेते हैं।”
पुलिस की कार्रवाई: तीन आरोपियों पर FIR
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना महाकाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार, महिला की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के नाम यशपाल, मोंटू और सोनू बताये जा रहे है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने मारपीट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा और प्रबंधन पर सवाल
उज्जैन के महाकाल लोक बनने के बाद से ही श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। ऐसे में प्रमुख मंदिरों जैसे महाकाल मंदिर और हरसिद्धि मंदिर के आसपास अवैध अतिक्रमण और दबंगई की घटनाएं प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि मंदिर परिक्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए ताकि महिला व्यापारियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षा मिल सके।

