खातेगांव। खातेगांव- सतवास मार्ग पर स्थित ग्राम धायली में सतवास से आ रहा एक बेकाबू डंपर रिहायशी इलाके में घुस गया और एक मकान से जा टकराया। हालांकि मकान में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप बाकलीवाल के अनुसार, डंपर ने पहले मकान की बाउंड्रीवॉल तोड़ी, फिर एक पेड़ और सामने की दीवार को क्षतिग्रस्त करते हुए सीधे पहले कमरे तक जा पहुंचा।
जिस कमरे में डंपर घुसा, उस हिस्से में परिवार की बुजुर्ग मां आमतौर पर सोती थीं। संयोगवश, शुक्रवार को वे किसी काम से बाहर गईं थीं। ग्रामीणों ने बताया कि यदि वे उस समय कमरे में मौजूद होतीं, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
बाउंड्रीवॉल और एक पेड़ क्षतिग्रस्त
डंपर की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाउंड्रीवॉल और एक पेड़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मकान की दीवारों, छत और अन्य कमरों में भी गहरी दरारें आ गईं। परिवार के सदस्यों के अनुसार, इस घटना में मकान को 20 से 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने डंपर चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। डंपर (क्रमांक MP 09 DT 8746) खाली था और सतवास से खातेगांव की ओर जा रहा था। ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से डंपर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त मकान के लिए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। सुबह पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया।
इनका कहना …
हमारे मकान में लगभग 20 से 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। हम चाहते हैं कि हमारा जो नुकसान हुआ उसकी भरपाई डंपर मालिक कर दे।
मर सिंह बाकलीवाल
मकान मालिक धायली

