रसोई गैस की आपूर्ति सुलभ रहे
सड़कों के गड्ढों की मरम्मत की जाए – कलेक्टर
हरदा : कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने जिले में नरवाई जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिये हैं। उन्होने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा है कि प्रतिबंध लगाने के बावजूद भी यदि नरवाई जलाने की घटनाएं सामने आती है तो दोषियों से अर्थदण्ड वसूला जाए। उन्होने ग्रामीण क्षेत्रों में नरवाई जलाने से होने वाले नुकसानों के संबंध में जागरूकता लाने के लिये किसानों की चौपालें आयोजित करने के लिये भी कहा है।
सोमवार को आयोजित समयावधि अंकित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले में रसोई गैस की सुलभ आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिये कि नगरीय क्षेत्र के कचरे में आग न लगे, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि मच्छरों से बचाव के लिये नगरीय क्षेत्रों में रोस्टर बनाकर प्रत्येक वार्ड में फागिंग मशीन से धुआं छोड़ा जाए।
उन्होने सड़क निर्माण से संबंधित विभागों से सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिये। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, विभागीय योजनाओं व राजस्व कार्यों की स्थिति की समीक्षा भी की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय व सुश्री रजनी वर्मा सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

