बाइक सवार को 20 मीटर तक घसीटा गंभीर घायल हुआ ड्राइवर फरार
मकडा़ई एक्सप्रेस 2 जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार हाईवा ने जमकर कहर बरपाया। रेत से भरे हाईवा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी और उसे बाइक समेत 20 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
विपरीत दिशा से आया हाईवा
पुलिस के अनुसार पाटन के उजरौड़ निवासी बबलू पटेल (41) सुबह 7:30 बजे बाइक MP 20 ZG 4708 से जबलपुर जा रहे थे। भेड़ाघाट चौराहे पर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
रफ्तार बढ़ाकर भागा चालक
टक्कर के बाद बबलू बाइक समेत हाईवा में फंस गए। मानवता दिखाने के बजाय चालक ने हाईवा रोकने की जगह रफ्तार बढ़ा दी। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर वाहन रुकवाया और घायल को बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया। इसी दौरान चालक मौका पाकर फरार हो गया।
बिना नंबर प्लेट दौड़ रहा था हाईवा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवा में आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। साइड में पीले रंग से लिखा नंबर भी अस्पष्ट था। पुलिस ने बारीकी से जांच की तो साइड में एक जगह MP 49 H 9655 नंबर मिला। पुलिस ने हाईवा जब्त कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

