harda news : SP से मिले BJP जिलाध्यक्ष और पूर्व नपाध्यक्ष, कहा- हमारे खिलाफ अपमानजनक भाषा का किया गया उपयोग
मकड़ाई समाचार हरदा। हरदा में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद जाट के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र भाषा टिप्पणी करने की शिकायत की गई है। बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा और पूर्व नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने एसपी मनीष कुमार अग्रवाल से की शिकायत में बताया है कि आनंद पिता दीपचंद जाट निवासी कड़ोला उबारी ने सुरेंद्र जैन एवं मेरे खिलाफ अपनी फेसबुक आईडी पर गाली गलौच कर आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया है। जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम लोगों में आक्रोश है। उन्होंने आनंद जाट के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी: SP
इस मामले को लेकर एसपी मनीष कुमार अग्रवाल का कहना है कि शिकायत मिली है। जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने खुद एडिट कर बनाई होगी पोस्ट: आनंद जाट
उधर, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष आनंद जाट का कहना है कि मैंने इस प्रकार से कोई पोस्ट नहीं की है। यह पोस्ट शिकायत करने वालों ने खुद एडिट कर बनाई होगी। दरअसल, मैंने नगर पालिका चुनाव में हरदा वार्ड नंबर 16 में फर्जी वोटिंग होने की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है। इस वार्ड में भाजपा से पार्षद पद की प्रत्याशी आशा मीणा हैं। जो खुद पहले जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकीं हैं। वह वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष अमरसिंह मीणा की धर्मपत्नी हैं। हम इस वार्ड में हुए फर्जी मतदान को लेकर हाईकोर्ट जाएंगे। मेरे खिलाफ की गई शिकायत झूठी है।

