हंडिया : ग्राम बागरूल में दुर्गाष्टमी पर पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल का कन्या पूजन, सैकड़ों ग्रामीण बने साक्षी
कन्या पूजन से गूँजा बागरूल, पूर्व मंत्री कमल पटेल ने दिया नारी सम्मान का संदेश,,,
हंडिया। ग्राम बागरूल में दुर्गाष्टमी के शुभ अवसर पर धार्मिक उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने विशेष पूजन-अर्चन के साथ कन्या पूजन कर ग्राम की देवी स्वरूपा कन्याओं का सम्मान किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजन के बाद कन्याओं को कपड़े भेंट कर आशीर्वाद लिया।
कमल पटेल ने इस मौके पर कहा कि “हमारी संस्कृति में कन्याएँ माँ दुर्गा का ही स्वरूप मानी जाती हैं। कन्या पूजन केवल परंपरा नहीं, बल्कि समाज को नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देने का पवित्र अवसर है। जब तक हम अपनी बेटियों और बहनों का सम्मान करेंगे, समाज में सुख-समृद्धि और सद्भाव बना रहेगा।”
ग्रामीणों में उत्साह, भक्ति की रही छटा
पूरे ग्राम में दुर्गाष्टमी के अवसर पर भक्ति का विशेष माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण पूजन स्थल पर एकत्रित हुए और धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर इसे गाँव के लिए सौभाग्य का क्षण बताया।
ग्राम के जनप्रतिनिधि और गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर रामनिवास सारण, राजू सिरोही, मनीष व्यास, निवास चौधरी सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने पूजन-अर्चन में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री का आभार जताया और कहा कि ऐसे आयोजनों से गाँव में सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था और अधिक मजबूत होती है।

