हंडिया : प्रशिक्षण से सशक्त होंगी प्रस्फुटन समितियां,पचोला में हुआ आयोजन!जल संरक्षण व ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस
हंडिया।ग्राम पंचायत पचोला में मंगलवार को मंदिर परिसर में लोग जागृति समाज कल्याण संस्था द्वारा प्रस्फुटन समितियों एवं नवांकुर सखियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्रामीण विकास को मजबूत बनाने के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोकस रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने प्रस्फुटन समितियों की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि गांव के विकास में इन समितियों की सक्रिय भागीदारी बदलाव ला सकती है। उन्होंने नर्मदा स्वच्छता अभियान को नियमित रूप से चलाने की अपील करते हुए नदियों की स्वच्छता और वृक्षारोपण को समय की आवश्यकता बताया।
संस्था प्रभारी सुरेश माणिक ने नवांकुर सखियों को घर-घर नर्सरी विकसित करने के लिए प्रेरित किया, ताकि गांवों में हरियाली बढ़े और पर्यावरण संतुलन बना रहे।
परामर्शदाता राधेश्याम विश्वकर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान नेतृत्व क्षमता, कौशल विकास, दस्तावेजीकरण एवं एनजीओ पंजीयन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठित और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने पर ही ग्रामीण विकास को नई गति मिल सकती है।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था अध्यक्ष अशोक धनगर सहित अन्य सदस्य एवं नवांकुर सखियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर गांव के समग्र विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

