मैनचेस्टर। ओपनर केएल राहुल (नाबाद 87) और कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 78) की जबरदस्त पारियों तथा उनके बीच तीसरे विकेट के लिए 174 रन की साहसिक अविजित साझेदारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के चौथे दिन शनिवार को दो विकेट पर 174 रन बना लिए हैं। भारत अभी इंग्लैंड की पहली पारी की 311 रन की बढ़त से 137 रन पीछे है और भारत को मैच बचाने के लिए कल पूरा दिन सुरक्षित निकालना है। क्या ही कहा जाए इन दो बल्लेबाजों के बारे में। 60 ओवर खेल गए हैं ये दोनों बल्लेबाज। भारत ने दूसरे सेशन में 85 और तीसरे में 88 रन बनाए हैं, वह भी बिना कोई विकेट गंवाए। यह लाजवाब है 174 पर दो विकेट का स्कोर। लेकिन ध्यान देने वाली बात यह भी है कि भारत अभी भी 137 रनों से पीछे है। बहुत ही तगड़ा फाइटबैक दिखाया है। देखना होगा कि अब कल तीन सेशन में क्या होता है।
लंच से पहले लगे दो झटकों से भारतीय टीम सहित प्रशंसक सकते में आ गए थे, लेकिन कप्तान गिल और केएल राहुल ने संयम से भरी बल्लेबाजी करते हुए अगले दो सत्र में भारत को कोई झटका नहीं लगने दिया है। दोनों बल्लेबाजों ने जुझारू प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक लगा दिए हैं और इस सीरीज में गिल ने जब भी अर्धशतक लगाया है उसको शतक में तब्दील किया है। राहुल ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए 210 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 87 रन बनाये हैं जबकि गिल ने 167 गेंदों में नाबाद 78 रन में दस चौके लगाए हैं। इससे पहले रवींद्र जडेजा (चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने लंच से पहले इंग्लैंड को 669 के स्कोर पर समेट दिया। हालांकि इंग्लैंड ने कप्तान बेन स्टोक्स (141) के शतकीय प्रहार की बदौलत 311 रनों की महत्वूपर्ण बढ़त ले ली है।
इंग्लैंड के कल के सात विकेट पर 544 रनों से आगे खेलना शुरू किया। सुबह के सत्र में जसप्रीत बुमराह ने लियाम डॉसन (26) को बोल्ड कर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ब्रायडन कार्स ने कप्तान स्टोक्स का बखूबी साथ निभाया। इसी दौरान स्टोक्स ने सिराज की गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। बेन स्टोक्स ने 37 पारियों बाद टेस्ट में शतक लगाया है। वह एक टेस्ट में शतक बनाने और पांच विकेट लेने वाले पांचवें कप्तान है। दोनों बल्लेबाजों के बीच नौवें विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई। शतक लगाने के बाद आक्रामक हुए स्टोक्स रवींद्र जडेजा की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में लांग आन बाउंड्री पर साई सुदर्शन के हाथों लपके गये। स्टोक्स ने 198 गेंदों मे 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से 141 रनों की पारी खेली। इसके बाद जडेजा ने कार्स को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच आउट कराकर लंच से पहले इंग्लैंड की पहली पारी का 669 के स्कोर पर अंत कर दिया। भारत की ओर से भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने चार विकेट लिये। वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह को दो- दो विकेट मिले। अंशुल कम्बोज और मोहम्मद सिराज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

