हंडिया।संत शिरोमणि सिंगाजी महाराज के प्रति श्रद्धा और आस्था का भव्य दृश्य शुक्रवार को उस समय देखने को मिला, जब ग्राम चौकी से सिंगाजी धाम के लिए पावन निशान यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ रवाना हुई। यह निशान यात्रा लगभग तीन से चार दिनों की होगी, जो 29 दिसंबर के आसपास सिंगाजी धाम पहुंचेगी।
निशान यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल हैं। श्रद्धालु ध्वज (निशान) लेकर भजन-कीर्तन करते हुए पदयात्रा कर रहे हैं। पूरे मार्ग में “जय सिंगाजी महाराज” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा आरती की जा रही है तथा प्रसाद का वितरण किया जा रहा है।
इस पावन निशान यात्रा में ग्राम चौकी निवासी भक्त संतोष गुर्जर, मोहित गुर्जर, मयंक गुर्जर एवं रामदीन गुर्जर निशान लेकर यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ दर्जनों श्रद्धालु महिला-पुरुष एवं बच्चे सिंगाजी महाराज की भक्ति में लीन होकर सिंगाजी धाम की ओर पदयात्रा कर रहे हैं।
श्रद्धालु राहुल गुर्जर चौकी द्वारा बताया गया कि निशान यात्रा के सिंगाजी धाम पहुंचने पर विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी तथा क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाएगी।

