घंटाघर और मुख्य बाजार में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, मिडिल स्कूल मैदान सहित कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था; फटाका बाजार के लिए भी बनाए गए अलग नियम
हरदा। दीपावली पर्व पर शहर के बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष तैयारी की है। 5 नवंबर 2026 से दीपावली तक घंटाघर, मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। बाजारों में खरीदारी करने आने वाले नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। साथ ही अलग-अलग स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
खंडवा रोड से आने-जाने वालों के लिए बदला मार्ग
शहर से घंटाघर होते हुए खंडवा रोड की ओर जाने वाले वाहन चालक चांडक चौक से राजमा चौक, जत्रापड़ाव, शनि मंदिर, नार्मदेव धर्मशाला और खेड़ीपुरा नाका होते हुए खंडवा रोड पहुंच सकेंगे। इस मार्ग पर आने वाले वाहनों के लिए जत्रापड़ाव और शनि मंदिर के पास पार्किंग निर्धारित की गई है।
वहीं खंडवा रोड की ओर से घंटाघर होते हुए हरदा आने वाले वाहन नार्मदेव धर्मशाला, शनि मंदिर, जत्रापड़ाव, हाजी चौक, राजमा चौक और चांडक चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इनके लिए नार्मदेव धर्मशाला के सामने और शनि मंदिर के पास पार्किंग रहेगी।
स्टेट बैंक तिराहा से टांक चौराहा तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
मिडिल स्कूल के सामने लगने वाले दीपावली बाजार में भीड़ को देखते हुए स्टेट बैंक तिराहा से टांक चौराहा के बीच वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
स्टेट बैंक की ओर से आने वाले वाहन मिडिल स्कूल के गेट नंबर 2 से मैदान में पार्क होंगे।
टांक चौराहा की ओर से आने वाले वाहन मिडिल स्कूल के गेट नंबर 1 से मैदान में पार्क किए जाएंगे।
टांक चौराहा से चांडक चौक के बीच बाजार में खरीदारी करने आने वाले वाहनों के लिए भी मिडिल स्कूल के गेट नंबर 1 से मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
इन रास्तों पर भी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित
यातायात पुलिस के अनुसार सोमानी एम्पोरियम से बड़ा मंदिर होते हुए घंटाघर तक तथा कोठारी वाली गली से बड़ा मंदिर होते हुए घंटाघर तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
फटाका बाजार के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था
फटाका बाजार क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बाजाज शोरूम से सरस्वती स्कूल के रास्ते नेशनल हाईवे की ओर आने-जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
फटाका बाजार में आने वाले दोपहिया वाहन मैदान में खाली स्थानों पर पार्क किए जा सकेंगे, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए आरआर सिटी कॉलोनी के साइड वाली कॉलोनी में पार्किंग निर्धारित की गई है।
5 नवंबर से दीपावली तक लागू रहेगी व्यवस्था
यातायात पुलिस ने बताया कि नई व्यवस्था 5 नवंबर 2026 से दीपावली तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्रों में अनावश्यक वाहनों का प्रवेश रोकना और पैदल खरीदारी करने वाले नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि खरीदारी के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

