हरदा : कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा मई माह से ‘हमारा गांव हमारी जिम्मेदारी जल परख में हमारी हिस्सेदारी’ मुहिम चलाई जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य ग्राम के जल स्त्रोत, स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों के पानी की जांच कर यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीणों को शुद्ध व पीने योग्य जल मिल रहा है या नहीं।
गांव के प्रत्येक जल स्त्रोत की गुणवत्ता जांचकर दूषित पानी से होने वाली बीमारियों को रोकना और जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना इस मुहिम का मुख्य लक्ष्य है।
कार्यपालन यंत्री श्री बी.आर. उईके ने बताया कि इस मुहिम के लिए विभाग ने एक कॉल सेंटर भी बनाया। कॉल सेंटर के माध्यम से गांवों की पंचायतों व आंगनबाड़ी केंद्रों को मुहिम से जुड़ने का आग्रह किया गया।
विभाग के प्राथमिक सहयोगी के रूप में गांव के सरपंच, सचिव, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इस मुहिम से जोड़ा गया है। मई में शुरू हुई यह मुहिम आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से निरंतर चल रही है।
मंगलवार को ग्राम आलमपुर के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 से सुश्री रीनू टिलवारी ने जल परीक्षण कर मुहिम में सहयोग दिया। ग्राम भादुगांव के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 से श्रीमती पूजा सिलवार द्वारा जल परीक्षण कर ग्रामीण महिलाओं को जागरूक किया गया।
वे जल जीवन मिशन की पहल में अपना योगदान दे रही हैं। इसके अलावा ग्राम पलासनेर, नहाड़िया, रहटाकला, बहराखेड़ी, सोडलपुर, भादुगांव, आलमपुर व बरुडघाट की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।

