इंदौर। इंदौर में ‘वंदे मातरम’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी रंग ले चुका है। नगर निगम के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस पार्षदों द्वारा राष्ट्रगीत गाने से इनकार करने के बाद बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है।
85 वार्ड में विरोध और पुतला दहन
बीजेपी ने इंदौर के 85 वार्डों में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी क्रम में नवलखा चौराहे पर एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
चौराहों पर गूंजा ‘वंदे मातरम’
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध के दौरान चौराहों पर एकत्र होकर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाया। पार्टी का कहना है कि राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निगम सत्र से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, नगर निगम के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम और रुबीना इकबाल खान द्वारा ‘वंदे मातरम’ गाने से इनकार करने का मामला सामने आया था। इसके बाद यह मुद्दा तूल पकड़ गया और राजनीतिक विवाद में बदल गया।
कांग्रेस पर पलटा वार
निगम सत्र में कांग्रेस जहां भागीरथपुरा में दूषित पानी के मुद्दे पर बीजेपी को घेरने की कोशिश कर रही थी, वहीं अब राष्ट्रगीत के मुद्दे पर खुद ही घिरती नजर आ रही है।
राजनीतिक घमासान जारी
बीजेपी ने दोनों पार्षदों के खिलाफ विरोध तेज कर दिया है। फिलहाल इंदौर में यह मुद्दा पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है और आने वाले दिनों में और गर्माने की संभावना है।

